जयपुर, 02 मई।
दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर अपनी हार के सिलसिले को तोड़ा और शानदार वापसी की। दिल्ली ने 225 रनों का लक्ष्य 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए। हालांकि उनकी शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। कप्तान रियान पराग ने 50 गेंदों पर 90 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। उनके साथ ध्रुव जुरेल ने भी 42 रन बनाकर शानदार साझेदारी की। अंत में डोनोवन फरेरा की 47 रनों की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 225 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए जबकि काईल जैमिसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली।
दिल्ली की टीम ने शानदार शुरुआत की। पथुम निसांका और केएल राहुल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले के अंत तक बिना किसी नुकसान के 70 रन बना दिए। निसांका के आउट होने के बाद राहुल ने पारी संभाली और 75 रन की पारी खेली। नीतीश राणा ने भी 33 रन बनाए। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने टीम को जीत दिलाई। राजस्थान रॉयल्स के लिए तुषार देशपांडे, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने तीन हार के बाद टूर्नामेंट में वापसी की है। दिल्ली अब 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ छठे स्थान पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ चौथे स्थान पर है।









