नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
आईपीएल 2026 में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को बड़ा झटका लगा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पाए जाने पर उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, साथ ही एक डिमेरिट अंक भी प्रदान किया गया है।
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने गुरुवार को जारी बयान में स्पष्ट किया कि पराग ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन किया है, जो खेल की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले अनुचित आचरण से संबंधित है। यह घटना मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच के दौरान हुई, जहां राजस्थान रॉयल्स ने 222 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए चार गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी। पराग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को स्वीकार किया है।
बोर्ड ने यह भी संकेत दिया है कि वह इस मामले में आगे और सख्त कार्रवाई पर विचार कर सकता है, ताकि आईपीएल की गरिमा और अनुशासन बनाए रखा जा सके। संबंधित खिलाड़ियों, टीमों और अधिकारियों पर भविष्य में कठोर कदम उठाए जाने की संभावना जताई गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 अप्रैल को गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंदर पर डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने इसे अनजाने में हुई गलती बताते हुए बिना शर्त माफी मांगी थी।
दोनों मामलों का खुलासा सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के माध्यम से हुआ, जिसके बाद आईपीएल में अनुशासन और नियम पालन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।



.jpg)


.jpg)




