कानपुर देहात, 30 अप्रैल।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र में सट्टेबाजी के उधार पैसों के लेनदेन को लेकर हुई असद हुसैन की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि पैसों के विवाद ने धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया और घटना हत्या तक पहुंच गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि असद हुसैन से उनका पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बताया गया कि आईपीएल में लगाए गए पैसों के लेनदेन को लेकर तनाव इतना बढ़ा कि उन्होंने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
घटना वाले दिन दोनों आरोपित असद को अपने साथ ले गए और पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद गला दबाकर और कांच की बोतल से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बटपरू गांव मोड़ के पास रसूलाबाद–बिल्हौर मार्ग से दोनों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कबीर नगर रसूलाबाद निवासी शाहनबाज उर्फ जेके उर्फ मुन्ना और सरताज के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी और सूचना के आधार पर दोनों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया।





.jpg)





