जोधपुर, 30 अप्रैल।
शहर के घोड़ों का चौक क्षेत्र में एक महिला को रुपये डबल करने का झांसा देकर 1.42 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। इस घटना के बाद पीड़िता ने सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को नागौर से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को हुई इस घटना में महिला को ऑनलाइन काम के बहाने एक युवक से संपर्क कराया गया था, जिसने उसे टास्क के माध्यम से निवेश पर अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने का लालच दिया। शुरुआत में महिला से पांच हजार रुपये निवेश करवाए गए और कुछ लाभ दिखाकर विश्वास में लिया गया।
इसके बाद शातिर ने धीरे-धीरे रकम बढ़वाकर कुल 1.42 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब महिला को धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को नागौर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धोखाधड़ी तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। साथ ही ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।





.jpg)





