देहरादून, 30 अप्रैल।
प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। मौके पर पहुंची टीम को घायल व्यक्ति देवराज मिला, जिसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे लगभग दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।
घायल को तुरंत अस्पताल भेजने के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों की तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर संदिग्ध वाहन मिलने पर घेराबंदी की गई, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। इसी दौरान थाना प्रभारी भी गोली लगने से घायल हो गए।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। बाद में घायल बदमाश की मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फरार बदमाशों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान जारी है।





.jpg)





