मध्य प्रदेश
30 Apr, 2026

एनएच-52 पर बस हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी बस, तोमर परिवार के तीन सदस्यों की मौत

राजगढ़ के ब्यावरा क्षेत्र में एनएच-52 पर मुरैना से उज्जैन जा रही तेज रफ्तार बस के पलटने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजगढ़, 30 अप्रैल।

राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। थाना ब्यावरा शहर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कांचरी जोड़ के पास सुबह लगभग 5:30 बजे मुरैना से उज्जैन जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह बस धर्मेंद्र ट्रैवल्स की बताई गई है, जिसका नंबर एमपी 70 जेडडी 6654 है। बस में सवार सभी यात्री एक ही तोमर परिवार के सदस्य थे, जो उज्जैन में 1 मई को होने वाले विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में लगभग 60 से 70 यात्री मौजूद थे और वह तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस पलटकर सड़क पर करीब 20 से 25 फीट तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भयावह था कि पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।

इस हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में विष्णु उर्फ अंशु (25), अभय (24) और बटोली देवी (60) शामिल हैं, जो सभी रछेड़, जिला मुरैना के निवासी थे। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें अनीता तोमर, तृष्टी, शिवम, अश्वनी सिंह, विश्वजीत, अमन सिंह, शांभवी और ललिता तोमर सहित अन्य शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

अन्य घायलों में अजय शर्मा, आरोही, अविका, सतीश राजावत, कुलदीप, संघमित्रा, रविता, अर्चना, मन्नू, वेदिका, दिव्यांश, जय, ब्रह्मा कुमार, मधुराज, आकांक्षा, आदित्य, सुधा, आर्य और शिवा का उपचार ब्यावरा तथा आसपास के अस्पतालों में जारी है।

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलने पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचे और घायलों का हाल जाना। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे, जिनमें एएसपी के.एल. बंजारे, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, तहसीलदार आनंद जायसवाल, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ और प्रवीण जाट सहित अन्य शामिल थे।

बताया गया है कि दुर्घटना में दूल्हा, उसकी मां और कई परिजन भी घायल हुए हैं। परिवार उज्जैन में आयोजित विवाह समारोह के लिए जा रहा था, लेकिन यह यात्रा हादसे में बदल गई।

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़