नवादा, 30 अप्रैल।
कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक सनकी पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान बबीता कुमारी के रूप में की गई है, जबकि आरोपी का नाम रवि मांझी बताया गया है। दोनों की शादी लगभग 25 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके सात बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार रवि मांझी अपनी पत्नी पर अक्सर बिना कारण शक करता था, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी। गुरुवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और पत्नी पर बरछी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। यह घटना बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने ही हुई। गंभीर रूप से घायल बबीता कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और सात बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
अपर थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया गया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। वहीं मृतका की माता की शिकायत पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।





.jpg)





