बरेली, 30 अप्रैल।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित एक आरोपित देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को दर्ज मुकदमे में नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के मामले में साकिब और मुनीश नामजद थे। आरोप है कि दोनों ने पीड़िता के परिजनों पर मुकदमा वापस लेने के लिए तमंचा दिखाकर दबाव भी बनाया था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 अप्रैल की रात दोनों की तलाश तेज की और जानकारी मिलने पर मधुनगला मंदिर के पास घेराबंदी की। इस दौरान दोनों बाइक पर सवार होकर भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर बाइक फिसल गई। इसी बीच एक आरोपित ने पुलिस पर फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली साकिब के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। वहीं दूसरे आरोपित मुनीश को भी गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध चाकू मिला।
घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस ने फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी को लेकर अलग से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।





.jpg)





