श्रीनगर, 30 अप्रैल।
जम्मू-कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा कश्मीर (ईओडब्ल्यू) ने भूमि आवंटन और सरकारी नौकरी दिलाने के झूठे आश्वासनों से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी मामले में आरोप पत्र दाखिल किया है।
अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर के अस्तानपोरा तैलबल, हजरतबल निवासी बशीर अहमद भट के खिलाफ लघु वाद न्यायालय श्रीनगर की अदालत में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया है। आरोप है कि जनवरी 2019 में उसने शिकायतकर्ताओं से बड़ी राशि वसूलकर उन्हें धोखे में रखा।
उसने जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की भूमि उपलब्ध कराने तथा उनके परिजनों को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। शिकायतें सामने आने के बाद ईओडब्ल्यू कश्मीर ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें धोखाधड़ी के आरोपों की पुष्टि हुई।
एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोप पत्र अब न्यायिक प्रक्रिया के लिए सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।





.jpg)





