सिलीगुड़ी, 29 अप्रैल।
जाली नोटों की तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की विशेष अभियान इकाई और माटीगाड़ा थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान की गई, जिसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शिवाजी गुप्ता के रूप में हुई है, जो सिक्किम के जोरथांग क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी नकली नोटों को सिलीगुड़ी क्षेत्र में चलन में लाने की योजना से आया था और इसके लिए संभावित संपर्कों की तलाश में सक्रिय था।
सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार रात हिमाचल बिहार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो सौ रुपये के दो सौ पचास जाली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग पचास हजार रुपये आंकी गई है। इसके बाद माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





.jpg)





