हरदा, 29 अप्रैल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बनारस रेलवे स्टेशन से रवाना की गई अमृत भारत एक्सप्रेस बुधवार को हरदा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और नागरिकों की मौजूदगी में ट्रेन के आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी सुरेन्द्र तिवारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को बनारस से इस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया था, जिसके साथ ही गाड़ी संख्या 22589/22590 बनारस-हड़पसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो गया है। शुभारंभ के बाद गाड़ी संख्या 02531 उद्घाटन विशेष सेवा बुधवार सुबह 10:20 बजे हरदा स्टेशन पहुंचेगी, जहां इसे विशेष रूप से स्वागत दिया जाएगा।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के साथ नागरिक भी शामिल होंगे। समारोह में केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गा दास उईके की उपस्थिति भी रहेगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, तेज और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह नई रेल सेवा क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






.jpg)




