नदिया, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में नदिया जिले में मतदान शुरू होते ही कई स्थानों से ईवीएम में खराबी और हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जिससे शुरुआती समय में मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही और मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।
राणाघाट उत्तर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राणाघाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 स्थित बूथ संख्या 148 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ जाने से मतदान रुक गया। सुबह से ही मतदान के लिए पहुंचे लोगों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। इसी तरह कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र के नकशीपाड़ा स्थित धनंजयपुर के बूथ संख्या 236 पर भी मशीन में गड़बड़ी के कारण वोटिंग प्रभावित हुई। कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के बाराचंदघर के बूथ संख्या 62 पर भी ईवीएम के काम नहीं करने की सूचना मिली। प्रशासन ने इन मशीनों को ठीक करने के लिए तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा है।
दूसरी ओर, दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही जिले में हिंसा की घटना भी सामने आई। आरोप है कि चापड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 53 पर जाते समय एक भाजपा एजेंट मुशर्रफ मीर पर हमला किया गया। आरोपों के अनुसार हमलावरों ने एजेंट के साथ मारपीट की और उसका सिर फोड़ दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। घायल एजेंट को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले को लेकर चुनाव आयोग ने भी रिपोर्ट मांगी है।
नदिया जिले में एक ओर जहां कई बूथों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ, वहीं हिंसा की घटना ने चुनावी वातावरण को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। प्रशासन का कहना है कि अधिकांश केंद्रों पर मतदान सामान्य रूप से जारी है और जहां समस्या सामने आई है, वहां तत्काल समाधान किया जा रहा है।






.jpg)






