पश्चिम बंगाल
29 Apr, 2026

कृष्णनगर में सांसद महुआ मोइत्रा ने किया मतदान, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कृष्णनगर से सांसद महुआ मोइत्रा ने मतदान के बाद लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में लोगों की भागीदारी बढ़ने का दावा करते हुए वोट कटौती और विकास परियोजनाओं पर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

नदिया, 29 अप्रैल।

कृष्णनगर से तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार सुबह अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आम मतदाताओं के साथ कतार में खड़े होकर मतदान किया। उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोग लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को लेकर बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं, जिसके चलते मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के संकल्प के साथ लोग अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, इसलिए मतदान प्रतिशत का बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान 27 लाख वोट काटे गए थे, जबकि इससे पहले भी 7 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम अब भी सूची में शामिल हैं, वे बड़ी संख्या में मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह मतदान “प्रतिशोध” का प्रतीक है और पिछले पांच महीनों के दौरान केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग द्वारा जनता और लोकतंत्र के साथ किए गए व्यवहार का उत्तर लोग दे रहे हैं।

महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में जनता अपना संदेश दे चुकी है और जिस प्रक्रिया की शुरुआत पहले चरण में हुई थी, उसका समापन दूसरे चरण में होगा।

करीमपुर में रेलवे लाइन की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मांग पिछले 12 वर्षों से की जा रही है। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी के रेल मंत्री रहते कृष्णनगर से करीमपुर तक लगभग 100 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन परियोजना को स्वीकृति दी गई थी, जहां करीब 10 लाख लोग निवास करते हैं और उन्हें इसकी आवश्यकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार होने के बावजूद इस परियोजना पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनसे कई बार मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से कहा जाता है कि पहले जिताओ, फिर रेलवे लाइन दी जाएगी।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि यदि ममता बनर्जी भी इसी तरह की शर्त रखतीं कि पहले जीत दिलाओ, तभी योजनाएं दी जाएंगी, तो राज्य की ढाई करोड़ महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी किसी भी मतभेद को आधार नहीं बनातीं और सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ प्रदान किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के मतदान में नदिया जिले की कुल 17 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनमें करीमपुर, तेहट्ट, पलाशीपाड़ा, कलीगंज, नाकाशीपाड़ा, चापड़ा, कृष्णनगर उत्तर, कृष्णनगर दक्षिण, कृष्णगंज, राणाघाट उत्तर पश्चिम, राणाघाट उत्तर पूर्व, राणाघाट दक्षिण, शांतिपुर, चाकदह, कल्याणी, हरिणघाटा और कल्याणी शामिल हैं। जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है और सुबह से ही कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़