नई दिल्ली, 29 अप्रैल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छा गए और कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई। नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम सुहावना बना रहा।
मौसम विभाग ने उपग्रह से प्राप्त तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि देश के पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि सप्ताहांत तक मौसम के सामान्य होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार देश के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। छत्तीसगढ़, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।






.jpg)





