उत्तर प्रदेश
29 Apr, 2026

हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण आज, प्रदेश को मिलेगी तेज कनेक्टिविटी

हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के साथ प्रदेश में तेज यातायात, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद।

हरदोई, 29 अप्रैल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम का दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे थे। सिक्किम से रवाना होने से पहले उन्होंने वहां 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे और महिला सम्मेलन में शामिल हुए। वे उत्तर प्रदेश के लिए लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के साथ यहां आए हैं। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे वह श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद हरदोई के लिए रवाना होंगे। पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने के साथ वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

गंगा एक्सप्रेस-वे को देश की आधुनिक अवसंरचना में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। यह 594 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला एक्सेस नियंत्रित ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है। इस परियोजना पर करीब 36,230 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह एक्सप्रेस-वे मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 जिलों से होकर गुजरता है, जिससे पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश को एक ही मार्ग से जोड़ा गया है।

इस मार्ग के शुरू होने से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा समय मौजूदा 10 से 12 घंटे के स्थान पर घटकर लगभग छह घंटे रह जाएगा। इस परियोजना की विशेषता शाहजहांपुर जिले में निर्मित 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन हवाई पट्टी है, जो जरूरत पड़ने पर विमानों की लैंडिंग के लिए उपयोगी होगी और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती प्रदान करेगी।

गंगा एक्सप्रेस-वे को एक प्रमुख आर्थिक गलियारे के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके किनारे स्थित 12 जिलों में लगभग 2,635 हेक्टेयर क्षेत्र में विनिर्माण और लॉजिस्टिक गतिविधियों के लिए एकीकृत गलियारे विकसित किए जाएंगे। इससे परिवहन लागत में कमी आएगी, आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों को बाजार तक सीधी पहुंच मिलने से उन्हें बेहतर मूल्य मिल सकेगा और ग्रामीण आय में वृद्धि होगी।

इस परियोजना से पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने, नए निवेश के अवसर बढ़ने और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। गंगा एक्सप्रेस-वे को राज्य के व्यापक एक्सप्रेस-वे नेटवर्क की आधारशिला के रूप में देखा जा रहा है, जो समग्र आर्थिक विकास को गति देने में सहायक सिद्ध होगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़