इंदौर, 29 अप्रैल
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में खंडवा रोड क्षेत्र में देर रात से लेकर अलसुबह तक आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। एक ओर बारात में की गई आतिशबाजी से मैरिज गार्डन में आग लग गई, वहीं कुछ घंटों बाद पास ही स्थित एक गोशाला में भी भीषण आग भड़क उठी, जिसमें मवेशी झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना पिपल्याराव क्षेत्र के राधा कृष्ण गार्डन में रात करीब 11:30 बजे सामने आई। बारात के दौरान छोड़ी गई आतिशबाजी की चिंगारी से गार्डन के बाहर लगी झाड़ियों और टेंट में अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से फैलना शुरू किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, वहां उपस्थित लोगों की तत्परता से स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया गया और मिलकर आग बुझा दी गई। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इसके कुछ समय बाद बुधवार तड़के करीब 4:24 बजे अयोध्यापुरी क्षेत्र में शांति फार्म हाउस के समीप स्थित एक गोशाला में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। विभाग के अनुसार आग बुझाने के लिए लगभग 25 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया और इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लगा।
घटना के दौरान गोशाला में कई मवेशी मौजूद थे। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर उन्हें बाहर निकाला, हालांकि इस दौरान दो मवेशी झुलस गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






.jpg)




