आसनसोल, 29 अप्रैल।
नदिया जिले के कृष्णनगर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान मतदाताओं के लिए तैयार किया गया एक विशेष और अनोखा मॉडल बूथ पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बूथ में प्रवेश करते ही लोगों को घर जैसा वातावरण महसूस हो रहा है।
चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन की पहल पर तैयार इस मॉडल बूथ को पूरी तरह घरेलू थीम पर सजाया गया है। बूथ के भीतर सोफा सेट, सुंदर पर्दे, फूलों की सजावट, दीवारों पर कलात्मक चित्र, साफ-सुथरा कालीन और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मतदान केंद्र के बाहर से लेकर अंदर तक रंगीन सजावट, सेल्फी पॉइंट और जागरूकता संदेश लगाए गए हैं, जिससे मतदान के प्रति लोगों की रुचि बढ़े। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में इस मॉडल बूथ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि ऐसे मॉडल बूथों का उद्देश्य केवल मतदान प्रक्रिया को सरल बनाना ही नहीं, बल्कि मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना भी है। कई मतदाताओं ने बूथ के अंदर तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा भी किया।
एक महिला मतदाता ने कहा कि इतना सुंदर बूथ उन्होंने पहले कभी नहीं देखा और ऐसा लग रहा था जैसे वे किसी ड्राइंग रूम में बैठकर मतदान कर रही हों। वहीं एक बुजुर्ग मतदाता ने बताया कि व्यवस्था बहुत अच्छी है, लंबी कतारों का इंतजार नहीं करना पड़ रहा और आराम से मतदान किया जा रहा है।
कृष्णनगर समेत पूरे नदिया जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। केंद्रीय बल, राज्य पुलिस और क्यूआरटी टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं, वहीं सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के जरिए भी पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है।






.jpg)






