आसनसोल, 29 अप्रैल।
पूर्व बर्धमान जिले की 16 विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जिले के कुल 37,71,757 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 19,15,117 पुरुष, 18,56,593 महिला और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, हालांकि कुछ स्थानों पर ईवीएम मशीनों में खराबी की सूचना मिलने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्व बर्धमान जिले की जिन 16 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें कालना, मेमारी, कटवा, मंगलकोट, आउसग्राम, गुस्करा, भातार, बर्धमान उत्तर, बर्धमान दक्षिण, रैना, जमालपुर, खंडघोष, गलसी, पांडवेश्वर सीमावर्ती क्षेत्र के कुछ हिस्से, पूर्वस्थली दक्षिण और पूर्वस्थली उत्तर शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। गलसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 65 पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान शुरू नहीं हो सका, जिससे मतदाताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे सुबह पांच बजे से कतार में खड़े हैं, लेकिन देर तक मतदान शुरू नहीं हो पाया। मतदाताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बूथ के बाहर बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें धूप और गर्मी में खड़ा रहना पड़ा।
इसी तरह बर्धमान दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 140 पर भी ईवीएम खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। गलसी विधानसभा क्षेत्र के भरतपुर बूथ संख्या 88 पर भी तकनीकी खराबी की सूचना मिली। हालांकि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीनों को दुरुस्त करने और मतदान को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
वहीं गलसी विधानसभा क्षेत्र के बुदबुद मॉडल बूथ संख्या 130 और 131 पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ। यहां मतदाता व्यवस्थित रूप से कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। कई स्थानों पर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रशासन का कहना है कि जिले के अधिकांश बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और जहां भी तकनीकी समस्या सामने आई है, उसे शीघ्र दूर किया जा रहा है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।






.jpg)






