तेल अवीव, 29 अप्रैल
इजराइल की सेना ने दक्षिण लेबनान में बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए आतंकी संगठन हिजबुल्लाह की एक विशाल सुरंग को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में कई आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इस हमले की पुष्टि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्वयं की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश साझा करते हुए बताया कि यह अभियान हिजबुल्लाह के आतंकी ढांचे को खत्म करने के उद्देश्य से किया गया।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इजराइल लगातार हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रहा है और इस कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल हुई है। सेना के अनुसार यह सुरंग करीब दो किलोमीटर लंबी थी, जो दक्षिण लेबनान के कंतारा क्षेत्र में डिवीजन 36 के अंतर्गत स्थित थी। यह सुरंग जमीन से लगभग 25 मीटर नीचे बनाई गई थी और इसके निर्माण में ईरान की मदद बताई जा रही है।
सेना ने बताया कि इस सुरंग को मंगलवार को भारी मात्रा में विस्फोटकों का इस्तेमाल कर ध्वस्त किया गया। करीब 450 टन विस्फोटक के जरिए इस संरचना को पूरी तरह खत्म किया गया। सुरंग को मजबूत ग्रेनाइट चट्टानों के भीतर तैयार किया गया था और इसके अंदर करीब 30 कमरे मौजूद थे। यहां भारी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे गए थे और इसकी सुरक्षा के लिए कई आतंकी तैनात थे, जो इस हमले में मारे गए।
इसी दौरान हिजबुल्लाह की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। दक्षिण लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया गया। एक दिन पहले हुए इसी तरह के हमले में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हुआ था। वहीं मंगलवार को हुए एक अन्य ड्रोन हमले में रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक नागरिक ठेकेदार आमेर हुजिरात (44) की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे को छर्रे लगने से चोटें आईं।






.jpg)




