कोलकाता, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत डायमंड हार्बर पुलिस जिले में तैनात पुलिस पर्यवेक्षक एवं आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा बुधवार सुबह से लगातार सक्रिय मोड में नजर आए। ‘सिंघम’ के नाम से चर्चित यह अधिकारी सुरक्षा बलों के काफिले के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करते हुए मतदान व्यवस्था की समीक्षा करते रहे।
जानकारी के अनुसार, सुबह से ही अजयपाल शर्मा का काफिला डायमंड हार्बर क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहा। उनके साथ बख्तरबंद वाहन और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-117 के माध्यम से फलता, डायमंड हार्बर तथा मोगराहाट (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए मतदान की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार इन क्षेत्रों में अब तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और केंद्रीय बलों द्वारा निरंतर रूट मार्च किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग द्वारा राज्य में कुल 11 पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें दक्षिण 24 परगना जिले में सबसे अधिक तीन अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिनमें अजयपाल शर्मा प्रमुख हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस में डीआईजी रह चुके अजयपाल शर्मा ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के रूप में भी पहचान रखते हैं। हालांकि उनकी तैनाती को लेकर विवाद भी सामने आए हैं। तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा द्वारा एक वीडियो जारी कर उन पर आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा तृणमूल उम्मीदवार जहांगिर खान के आवास पर जाकर धमकी देने का भी आरोप सामने आया था, जिसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंच गया और उनकी भूमिका पर सवाल उठाए गए। वहीं महुआ मोइत्रा के सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ भी दिल्ली साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
इन सभी विवादों के बीच भी चुनावी ड्यूटी पर तैनाती के बाद से अजयपाल शर्मा लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।






.jpg)






