नई दिल्ली, 29 अप्रैल
इक्वाडोर की विदेश मंत्री एवं मानव गतिशीलता मंत्री गैब्रिएला सोमरफेल्ड बुधवार को अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और इक्वाडोर के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना बताया गया है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि गैब्रिएला सोमरफेल्ड रोसेरो के नई दिल्ली आगमन पर हार्दिक स्वागत किया जाता है और यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगी। सोमरफेल्ड अपने दौरे के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ वार्ता करेंगी।
इसके बाद उनका राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम निर्धारित है। शाम के समय वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा से भेंट करेंगी।
पिछले वर्ष नवंबर में पबित्रा मार्गेरिटा ने इक्वाडोर का आधिकारिक दौरा किया था, जहां उन्होंने राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ अज़िन से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच सहयोग को विस्तार देने और विविध क्षेत्रों में उसे मजबूत करने पर चर्चा की थी।
इस दौरान कृषि, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, प्रशिक्षण, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन, व्यापार, वस्त्र उद्योग, स्वास्थ्य तथा औषधि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ था। साथ ही दोनों देशों के बीच राजनयिक प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग हेतु एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए थे।
इसी क्रम में क्विटो में भारत के आवासीय दूतावास का उद्घाटन भी संयुक्त रूप से किया गया था, जिससे द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूती मिली। बाद में नई दिल्ली में इक्वाडोर के राजदूत के साथ भी संबंधों को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई थी।
भारत और इक्वाडोर ने वर्ष 1969 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे तथा वर्ष 2000 में विदेश कार्यालय परामर्श के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। अब तक दोनों देशों के बीच 2005, 2008, 2011, 2014 और 2023 में पांच दौर की वार्ताएं पूरी हो चुकी हैं।






.jpg)





