नई दिल्ली, 28 अप्रैल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित अन्य नेताओं के साथ मंगलवार को राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और सत्याग्रह के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि अब उनके पास केवल सत्याग्रह का ही रास्ता शेष रह गया है।
केजरीवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि न्याय व्यवस्था ने उनकी जमानत स्वीकार कर उन्हें इस मामले में मुक्त किया है और यदि वे आज बाहर हैं तो यह पूरी तरह न्याय व्यवस्था के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियां ऐसी उत्पन्न हुई हैं जिनके चलते यह सत्याग्रह आवश्यक हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा को पत्र लिखकर पूरी स्थिति स्पष्ट की गई है। उनका कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और इसमें उनके लिए किसी व्यक्ति विशेष का प्रश्न नहीं बल्कि उस विश्वास का प्रश्न है जिस पर न्याय व्यवस्था आधारित होती है।
केजरीवाल ने आगे कहा कि न्याय व्यवस्था और संविधान पर उनका विश्वास पूरी तरह अटूट है, लेकिन मन में गंभीर संदेह की स्थिति में केवल औपचारिक रूप से आगे बढ़ना उनके लिए उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी कारण अब उनके पास सत्याग्रह के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है।












