बेकासी, 28 अप्रैल।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास हुए ट्रेन टक्कर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 84 लोग घायल बताए गए हैं। राहत और बचाव दल ने घटनास्थल पर फंसे सभी यात्रियों को निकालने का काम पूरा कर लिया है।
यह हादसा सोमवार देर रात बेकासी क्षेत्र में हुआ, जो जकार्ता के बाहरी हिस्से में स्थित है, जहां एक कम्यूटर ट्रेन और लंबी दूरी की ट्रेन आपस में टकरा गईं। राज्य रेलवे कंपनी के प्रमुख ने मृतकों की संख्या बढ़ने की पुष्टि की है।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी प्रमुख ने बताया कि राहत कार्य बेहद जटिल था और मलबे में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए विशेष कौशल वाले कर्मियों को लगाया गया। उन्होंने कहा कि अब कोई यात्री लापता नहीं है, हालांकि मलबे की जांच के दौरान यदि शरीर के अंग मिलते हैं तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बा इस टक्कर का सबसे अधिक शिकार हुआ, जहां सभी मृतक महिलाएं थीं और अधिकांश मलबे में बुरी तरह फंस गई थीं।
टक्कर के बाद बचावकर्मियों को धातु के मलबे को काटकर यात्रियों तक पहुंचना पड़ा। इससे पहले उन्होंने ग्राइंडर मशीनों का उपयोग कर डिब्बों को अलग किया और फंसे लोगों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कम्यूटर ट्रेन पहले पटरी पर खड़ी एक टैक्सी से टकराई और उसके बाद लंबी दूरी की ट्रेन से भिड़ गई। टैक्सी ऑपरेटर ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन उसके बेड़े का हिस्सा था और जांच में सहयोग किया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटनास्थल के पास फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा की, साथ ही जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क के बड़े हिस्से में रखरखाव की कमी है।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति इस पूरे हादसे की जांच कर रही है। वहीं मंगलवार को स्टेशन पर लोग अपने परिजनों की तलाश में पहुंचे, जिससे माहौल भावुक हो गया।
एक यात्री ने बताया कि वह महिला डिब्बे के बजाय पीछे वाले डिब्बे में बैठी थी और हादसे के समय वह अपने पति से फोन पर बात कर रही थी। बातचीत के दौरान ही टक्कर हो गई।
जकार्ता जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले शहर में कम्यूटर ट्रेनें सबसे व्यस्त परिवहन साधनों में शामिल हैं। हादसे के बाद कई ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
इंडोनेशिया में रेल हादसे पहले भी होते रहे हैं, जहां पिछले वर्ष पश्चिम जावा में हुए एक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हुए थे।













