मध्य-पूर्व
28 Apr, 2026

अराघची तीसरी बार पहुंचे पाकिस्तान, रूस ने मध्यस्थता के लिए जताई तैयारी

ईरान के विदेशमंत्री की लगातार यात्राओं के बीच रूस ने मध्य पूर्व में शांति के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है और कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

तेहरान, 28 अप्रैल

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 27 अप्रैल को हुई मुलाकात के बाद ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची एक बार फिर पाकिस्तान पहुंच गए हैं। अमेरिका के साथ होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जारी तनाव के बीच ईरान ने कूटनीतिक कोशिशों को और तेज कर दिया है। पुतिन ने स्पष्ट किया कि मध्य पूर्व में जल्द शांति स्थापित करने के लिए रूस हरसंभव प्रयास करने को तैयार है।

अराघची के पाकिस्तान पहुंचने के साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच संभावित टकराव के समाप्त होने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और अप्रत्यक्ष संवाद को आगे बढ़ाने में सक्रिय रूप से जुटा है। उल्लेखनीय है कि रूस की यात्रा के बाद अराघची 48 घंटे के भीतर तीसरी बार पाकिस्तान पहुंचे हैं।

इससे पहले वह रविवार रात पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख से मुलाकात करने के बाद इस्लामाबाद से सीधे रूस रवाना हुए थे। सेंट पीटर्सबर्ग में उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ करीब डेढ़ घंटे तक विस्तृत चर्चा की। इस दौरान युद्ध और आक्रामकता से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अराघची ने ईरान और रूस के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी बताया और कठिन समय में मिले समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।

राष्ट्रपति पुतिन ने भी पश्चिम एशिया में शांति बहाली के प्रयासों का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द स्थिरता लौटेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रूस ईरान के हितों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुलाकात के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने को तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी जनता अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए साहसपूर्वक संघर्ष कर रही है और उम्मीद जताई कि देश वर्तमान चुनौतियों से उबरकर शांति की दिशा में आगे बढ़ेगा। अराघची ने इस्लामिक गणराज्य के समर्थन के लिए रूस और पुतिन के प्रति आभार जताया।

रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी कहा कि मध्य पूर्व में स्थायी शांति के लिए रूस मध्यस्थता की भूमिका निभाने को तैयार है। उन्होंने यह भी माना कि समय के साथ यूक्रेन मुद्दे पर कूटनीतिक प्रयासों में तेजी आएगी। पेस्कोव के अनुसार अमेरिका के साथ संघर्ष ईरान और होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र के देशों के हित में नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान से जुड़े मामलों पर बातचीत एक जटिल प्रक्रिया बनी हुई है और अमेरिका यूक्रेन विवाद के समाधान में लगा है, लेकिन ईरान से जुड़ी स्थिति भी उसके लिए अहम बनी हुई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़