राजगढ़, 28 अप्रैल।
जिले के पचोर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियों को शोक में बदल दिया। पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप ट्रक और पिकअप वाहन के बीच सीधी टक्कर हो गई, जिसमें दो महिलाओं की जान चली गई और 21 लोग घायल हो गए। सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे और एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे पचोर की ओर बढ़ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में बैठे सभी लोग घायल हो गए। बताया गया कि यादव परिवार के सदस्य खुजनेर के मवासा गांव से ब्यावरा के बरखेड़ा में आयोजित मामेरा कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थिति बेहद भयावह हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल पचोर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से 16 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं पिकअप चालक देवीसिंह यादव को सीने और पैर में फ्रैक्चर होने के कारण भोपाल रेफर किया गया। एक साथ इतने घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
शाजापुर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भगवती बाई पत्नी चंद्र सिंह और अवंती बाई पत्नी गोपाल के रूप में हुई है, जो मवासा गांव की निवासी थीं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ट्रक चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है, जिसका उपचार पुलिस निगरानी में एक निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों में कलाबाई पत्नी होकमसिंह, लक्ष्मीनारायण यादव, होकमसिंह पुत्र गंगाराम, राजेश पुत्र मांगीलाल, कलाबाई पत्नी देवनारायण, रामरतन पुत्र गोपाल, कलाबाई पत्नी गोपाल यादव, प्रेमसिंह यादव, नानकराम पुत्र नाथूलाल, भगवती पत्नी प्रेमसिंह, देवसिंह पुत्र भावसिंह, सुरेश पुत्र मांगीलाल, कोमलबाई पत्नी प्रभुलाल, अवंताबाई पत्नी गोपाल, राधा पत्नी नवीन यादव, योगेश पुत्र हेमराज यादव, मंजू पत्नी अजयसिंह, पवन पुत्र प्रेमसिंह, भगवत पुत्र चंदरसिंह, धीरपसिंह पुत्र भंवरलाल, सोरमबाई पत्नी गोपाल, प्रेमनारायण पुत्र रतनलाल और संजूबाई पत्नी दिनेश यादव शामिल हैं।












