ग्वालियर, 28 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रातः 11 बजे से गदाईपुरा रेडीमेड गारमेंट पार्क स्थित जिला रोजगार कार्यालय में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप युवा संगम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों में अवसर प्रदान किए जाएंगे।
जनसंपर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया के अनुसार जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की लगभग दो दर्जन कंपनियां आकर्षक वेतन पैकेज के साथ भर्ती के लिए भाग ले रही हैं।
जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस युवा संगम में शामिल होने वाली कंपनियों में क्विक आईटी सॉल्यूशन एंड कंसल्टेंसी ग्वालियर, पेटीएम सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर, टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट पड़ाव ग्वालियर, आयसर अकादमी शिवपुरी, ईगल सिक्योरिटी शिवपुरी, एएस मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर, भारत पे प्राइवेट लिमिटेड, आईसेक्ट ग्वालियर, जॉब्स फेयर नाउ प्राइवेट लिमिटेड भोपाल, इंदौर व दिल्ली, एयरटेल प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर, जमुना ऑटो प्राइवेट लिमिटेड मालनपुर, एसआरएफ प्राइवेट लिमिटेड मालनपुर, एचडीएफसी, बैंकर नौकरी फाई कॉम, वेरा इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग ग्रेटर नोएडा, वीवो मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा, मासु ब्रेक पैड्स प्राइवेट लिमिटेड हरियाणा, निडेक प्राइवेट लिमिटेड नीमराना, राजस्थान, समीक्षा इंस्टीट्यूट फूलबाग ग्वालियर, प्लेटिनम एचआर सॉल्यूशंस गुजरात, रविया वर्कफोर्स प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ, जेबी मंधाराम फूड प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर, चेकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड जामनगर, ग्लोबल ऑटोटेक लिमिटेड ग्रेटर नोएडा, स्टैंडर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड मालनपुर तथा यश कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड ग्वालियर सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें सिक्योरिटी गार्ड, ट्रेनी वर्कर, मशीन ऑपरेटर, असिस्टेंट मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, इलेक्ट्रीशियन, अभिकर्ता, अप्रेंटिस ट्रेनी, सेल्स एग्जीक्यूटिव, फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, कार्यालय प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधन, पर्यवेक्षक, स्टोर कीपर, कार्यालय सहायक, हेल्पर, सुरक्षा जवान, टूर गाइड, सुपरवाइजर, टेली कॉलर, ड्राइवर सहित अन्य पद शामिल हैं। इसके साथ ही डिप्लोमा, आईटीआई और विभिन्न तकनीकी ट्रेड जैसे मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, केमिकल और सिविल से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर उपलब्ध रहेंगे। इस रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष तक के युवा भाग ले सकते हैं और चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 45 हजार रुपये तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले युवाओं को समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन क्रमांक, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोजन में शामिल होने वाले युवक-युवतियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा।













