शिवपुरी, 27 अप्रैल
शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशखेड़ा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती अपने प्रेमी के साथ लगभग 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। दोनों के इस कदम से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही तेंदुआ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक ने अपनी टीम के साथ करीब चार घंटे तक दोनों को लगातार समझाने का प्रयास किया। पुलिस की सूझबूझ और धैर्य के चलते आखिरकार दोनों सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आए।
जानकारी के अनुसार युवती के परिजन उसकी इच्छा के विरुद्ध तीन दिन बाद किसी अन्य युवक से विवाह की तैयारी कर रहे थे, जबकि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। इसी बात से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया और उसके पीछे-पीछे उसका प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया।
घटना के बाद नीचे उतरने पर पुलिस अधिकारी ने दोनों पक्षों के परिजनों से बातचीत की और उन्हें स्थिति को समझाया। पुलिस की पहल के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए सहमत हो गए।













