भोपाल, 27 अप्रैल
प्रदेश के श्रम विभाग द्वारा शुरू की गई श्रम स्टार रेटिंग पहल को उद्योग जगत से व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। इस योजना का उद्देश्य कारखानों में श्रम कानूनों के पालन को सुनिश्चित करना तथा श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी सर्वोत्तम व्यवस्थाओं को बढ़ावा देना है।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संचालनालय इंदौर के अनुसार अब तक प्रदेश के 554 कारखानों ने स्व-मूल्यांकन के आधार पर श्रम स्टार रेटिंग प्राप्त कर ली है। इनमें बड़ी, मध्यम और लघु श्रेणी की अनेक विनिर्माण इकाइयाँ शामिल हैं, जो इस पहल की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रभाव को दर्शाती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि श्रम स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाले कारखाने इस बात का प्रमाण हैं कि वहां बाल श्रम और बंधुआ श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध है तथा श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इस उपलब्धि में शामिल सभी कारखानों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया गया है।
विशेष रूप से प्रथम पाँच कारखानों को इस पहल में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए सराहा गया है। इनमें कटनी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (बिरला व्हाइट यूनिट), जे.के. व्हाइट (जे.के. सीमेंट लिमिटेड इकाई) कटनी, महाकौशल रेफ्रेक्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कटनी, उदयपुर बेवरेजेस लिमिटेड जबलपुर और केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड जबलपुर शामिल हैं।
यह व्यवस्था अपनाने से श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ उद्योगों को भी अनेक प्रत्यक्ष लाभ मिल रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ रहा है, निवेशकों का विश्वास मजबूत हो रहा है और बाजार में संस्थानों की साख में वृद्धि हो रही है।
साथ ही प्रमाणित कारखानों को उपभोक्ताओं द्वारा प्राथमिकता मिलने की संभावना बढ़ती है, जिससे उनकी ब्रांड वैल्यू और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होती है। विभाग ने प्रदेश के अन्य उद्योगों से भी इस पहल में भागीदारी करने और श्रम स्टार रेटिंग प्राप्त कर अपने संस्थानों को सुरक्षित, उत्तरदायी और विश्वसनीय कार्यस्थल के रूप में स्थापित करने की अपील की है।













