डिब्रूगढ़, 28 अप्रैल।
गुवाहाटी के मठघरिया में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद फरार चल रहे चालक समीम अहमद को डिब्रूगढ़ जिले के लाहोवाल क्षेत्र से पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई डिब्रूगढ़ पुलिस द्वारा की गई और आरोपी को आगे की जांच के लिए गुवाहाटी ले जाया गया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार हादसे के बाद से आरोपी लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदलता रहा। गुवाहाटी पुलिस की टीम अब उसे लेकर डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी रवाना हो चुकी है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।
बताया गया है कि समीम अहमद मूल रूप से त्रिपुरा की राजधानी अगरतला का निवासी है, हालांकि वह गुवाहाटी के जयनगर क्षेत्र में रह रहा था। रविवार तड़के मठघरिया गेट अस्पताल के सामने खड़े ट्रक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें कार सवार तीन युवतियों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद से ही आरोपी चालक की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












