नगांव, 28 अप्रैल।
नगांव जिले के बटद्रवा थान क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए श्रद्धालु की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान प्रिय राम बरुवा के रूप में हुई है, जो थान से जुड़े नियमित भक्त और धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले थे।
जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल को धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय उनके घर के पास तेज गति से आ रही पल्सर बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लंबे उपचार के बावजूद बीती देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद बटद्रवा थान क्षेत्र में शोक का माहौल है और श्रद्धालुओं में गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।












