गुवाहाटी, 28 अप्रैल।
गुवाहाटी के सोनापुर थाना क्षेत्र में पुरानी कार बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने सेकेंड हैंड ब्रेज़ा कार बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
पुलिस के अनुसार सोनापुर थाना की ईजीपीडी टीम ने सोमवार को अभियान चलाकर राहुल चौधरी (27), अमित बोडो (19), राजीबुल हक (22) और भाग्यश्री बोडो (28) को हिरासत में लिया। सभी आरोपी सोनापुर क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एएस-01जीजे-0706 नंबर की सेकेंड हैंड ब्रेज़ा कार बेचने का झांसा देकर पीड़ित से बड़ी रकम वसूल ली। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।











