गुवाहाटी, 28 अप्रैल।
प्रसिद्ध कलाकार जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में फास्ट ट्रैक अदालत में सुनवाई जारी है। इसी क्रम में आज आरोपित सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका पर विचार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा ने चुनाव के बाद जमानत के लिए अदालत में आवेदन किया था। श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर सुनवाई 30 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में सात आरोपितों के खिलाफ चार्ज हियरिंग की प्रक्रिया फास्ट ट्रैक अदालत में पहले ही पूरी हो चुकी है। वर्तमान में श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा को न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
इसी प्रकरण से जुड़े जुबीन गर्ग के दो अंगरक्षक नंदेश्वर बोरा और परेश वैश्य भी जेल में बंद हैं। इसके अलावा संदीपन गर्ग भी इसी जेल में निरुद्ध हैं, जबकि शेखरज्योति और अमृतप्रभा को हाफलोंग जेल में रखा गया है।












