बरपेटा, 28 अप्रैल।
बरपेटा जिले के सरभोग क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कलगछिया के बालापथार गांव निवासी सामाद मियां के 26 वर्षीय पुत्र जहिरुल इस्लाम के रूप में हुई है। वहीं बाइक पर सवार दूसरे युवक सैदुल इस्लाम को गंभीर हालत में बरपेटा मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले उसे सरभोग थाना ले जाया गया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बीती रात करीब 10 बजे सरभोग के खरिसाल स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान खरिसाल पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक की एक अन्य वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें जहिरुल इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सैदुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











