तिरुचेंदूर, 28 अप्रैल
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों और आम जनता में उत्सुकता बनी हुई है। चार मई को मतगणना के बाद नतीजे सामने आएंगे। चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अधिकांश नेता अब विश्राम में हैं, वहीं कुछ नेता अपनी जीत की कामना के साथ धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में तमिलगा वेत्रि कझगम के प्रमुख विजय ने मंगलवार तड़के तिरुचेंदूर स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
बताया गया है कि विजय सोमवार देर रात अचानक मंदिर के लिए रवाना हुए। वे अपने निवास से कार द्वारा चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से निजी विमान के माध्यम से मदुरै हवाई अड्डे पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता वहां एकत्र हो गए और उनका स्वागत किया। इसके बाद विजय सड़क मार्ग से तिरुचेंदूर मंदिर पहुंचे।
मंदिर पहुंचकर विजय ने पारंपरिक वेशभूषा में सुबह करीब साढ़े पांच बजे भगवान के दर्शन किए। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका विधिवत स्वागत किया गया और पूर्णकुंभ सम्मान प्रदान करते हुए ‘वेल’ भेंट किया गया।
इसी दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर में “सद्गुरु संहार यज्ञ” का आयोजन किया जा रहा है, जिसे उनकी पार्टी के महासचिव एन. आनंद द्वारा संपन्न कराया जाएगा। इस प्रकार के अनुष्ठान सामान्यतः विरोधियों पर विजय की कामना से किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस यज्ञ में विजय के करीबी सहयोगी भी शामिल हो सकते हैं। विजय ज्योतिष में विशेष आस्था रखते हैं।












