उत्तर प्रदेश
29 Apr, 2026

काशी में पीएम मोदी का दिव्य दर्शन-पूजन, 14 किमी रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों पर लुटाया स्नेह

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी दौरे के अंतिम दिन काशी विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन किया और 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए बच्चों से मुलाकात कर स्नेह जताया।

वाराणसी, 29 अप्रैल।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के अंतिम दिन बुधवार सुबह श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम दरबार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच षोडशोपचार विधि से अभिषेक और पूजन सम्पन्न कराया गया, जिसमें आचार्य ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने विधि संपन्न कराई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भी मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धाभाव व्यक्त करते हुए देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

दर्शन-पूजन के उपरांत प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। काशी विश्वनाथ धाम में 51 ब्राह्मणों की शंखध्वनि और हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच उनका प्रवेश हुआ। डमरू की गूंज और शंखनाद के माहौल में मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पूजन के बाद प्रधानमंत्री हरदोई प्रस्थान के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हो गए।

Image

सुबह लगभग आठ बजे बरेका गेस्ट हाउस से निकलकर प्रधानमंत्री का काफिला ककरमत्ता आरओबी, मंडुवाडीह चौराहा, फुलवरिया फ्लाईओवर, सेंट्रल जेल रोड, हॉकी चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, आंबेडकर चौराहा, कचहरी गोलघर, पुलिस लाइन तिराहा, मकबूल आलम रोड, चौकाघाट, लहुराबीर, कबीरचौरा और मैदागिन मार्ग से होते हुए लगभग 14 किलोमीटर की दूरी तय कर मंदिर पहुंचा। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने ढोल-नगाड़े, डमरू और शंखनाद के साथ गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

Image

पूरे रास्ते हर-हर महादेव और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। काशीवासियों के स्नेह से अभिभूत प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

Image

दर्शन के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को त्रिशूल और डमरू भेंट किया, जिसे उन्होंने शिवभक्तों के उद्घोष के बीच उठाकर अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Image

मंदिर चौक में प्रधानमंत्री ने दर्शनार्थ आए बच्चों से मुलाकात की और उनके सिर पर स्नेहपूर्वक हाथ फेरते हुए उनसे संवाद किया, जिससे बच्चे प्रसन्न नजर आए।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़