कोलकाता, 29 अप्रैल।
पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से जबरन थाने ले जाने के आरोपों को लेकर बेचाराम मन्ना के नेतृत्व में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सिंगूर थाने के बाहर घेराव कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। बीती रात सिंगूर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार बेचाराम मन्ना थाना गेट के सामने धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय सिंगूर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों से पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को उनके घरों से उठाकर थाने लाया जा रहा है और उन्हें घंटों तक बैठाए रखा जा रहा है।
मन्ना ने यह भी कहा कि जिन व्यक्तियों के खिलाफ थाने में कोई मामला दर्ज नहीं है, उन्हें भी हिरासत में लेकर परेशान किया जा रहा है।
आरोपों के अनुसार, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्यामापद मंडल को भी देर रात घर से उठाकर थाने में लाकर रोके रखा गया। बेचाराम मन्ना का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई भाजपा को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय बल और पुलिस द्वारा की जा रही है।
दूसरी ओर सिंगूर के बुड़िग्राम क्षेत्र में तृणमूल कार्यकर्ता सनत कुमार धारा अपने घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि केंद्रीय बल और राज्य पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें सिंगूर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।






.jpg)






