कोलकाता, 29 अप्रैल।
लिलुआ क्षेत्र में मतदान के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब बाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डॉन बॉस्को लिलुआ सोहनलाल विद्यालय में स्थित एक मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई।
ईवीएम में आई गड़बड़ी के चलते मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं में नाराजगी फैल गई। स्थिति तेजी से बिगड़ते हुए मौके पर हंगामे का रूप ले लिया और भीड़ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हालात को नियंत्रित करने के लिए वहां तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी दौरान भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए मतदान प्रक्रिया को पुनः सामान्य रूप से जारी किए जाने की जानकारी दी है।






.jpg)






