कोलकाता, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की शुरुआत के साथ ही बुधवार सुबह से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। मतदान के दिन राजधानी कोलकाता की सड़कों पर सुबह-सुबह एक अलग और बेहद सक्रिय राजनीतिक माहौल देखने को मिला।
दूसरे चरण की सबसे चर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला होने से माहौल और अधिक गरमा गया है। इस हाई-प्रोफाइल टकराव के बीच दोनों नेता सुबह-सुबह सक्रिय रूप से सड़कों पर नजर आए।
सुबह से ही भवानीपुर क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है और केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मतदान से एक रात पहले तृणमूल कांग्रेस के झंडे हटाए गए और क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर दबाव बनाया जा रहा है तथा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि 70 नंबर वार्ड के पार्षद को नजरबंद किया गया और कहा कि उनके कार्यकर्ताओं को उठाया जा रहा है, जिससे पूरी रात उन्हें चिंता में रहना पड़ा।
दूसरी ओर शुभेंदु अधिकारी भी सुबह से ही सक्रिय दिखाई दिए। उन्होंने दिन की शुरुआत हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना से की और उसके बाद विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा शुरू किया। उन्होंने भवानीपुर के अलग-अलग इलाकों में जाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया।
दोनों प्रमुख नेताओं की सक्रियता ने भवानीपुर की इस सीट को और अधिक चर्चित बना दिया है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार यह मुकाबला केवल एक विधानसभा सीट का नहीं रह गया है, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई का रूप ले चुका है। 2021 के नंदीग्राम चुनाव की तरह इस बार भी कोलकाता में राजनीतिक तनाव का वातावरण दिखाई दे रहा है।
हालांकि इस चरण में केवल भवानीपुर ही नहीं, बल्कि राज्य की कुल 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा नदिया जिलों में फैले इस चरण में कुल 66 प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे यह चुनाव बहुस्तरीय और बेहद प्रतिस्पर्धात्मक हो गया है।






.jpg)






