नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्तियों को किसी भी तीसरे पक्ष को बेचने पर रोक लगा दी है। अदालत के आदेश के अनुसार अब प्रिया कपूर संजय कपूर की संपत्तियों की बिक्री नहीं कर सकेंगी। जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ ने टिप्पणी की कि प्रिया कपूर को करिश्मा कपूर के बच्चों द्वारा उठाई गई शंकाओं का समाधान करना होगा।
उच्च न्यायालय ने संजय कपूर के बैंक खातों को भी फ्रीज करने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि यदि वसीयत जाली पाई जाती है तो यह समायरा और कियान के साथ अन्याय होगा। सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर की कथित वसीयत को फर्जी बताया। उनकी ओर से पेश अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने भी संपत्तियों की किसी तीसरे पक्ष को बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि संजय कपूर एक सफल व्यवसायी थे और उनके स्तर का व्यक्ति इस प्रकार की वसीयत तैयार नहीं कर सकता।
अदालत ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्तियों का पूरा ब्योरा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रूप में याचिका दायर करते हुए आरोप लगाया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने वसीयत में हेरफेर किया है और पूरी संपत्ति पर नियंत्रण हासिल करने का प्रयास किया है। इसी कारण वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई अधिकार नहीं दिया गया।
याचिका में उल्लेख है कि संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च 2025 की बताई जा रही है, जिसके अनुसार उनकी संपूर्ण संपत्ति प्रिया कपूर को मिलनी थी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत को संजय कपूर की मृत्यु के सात सप्ताह तक छिपाए रखा और इसका खुलासा 30 जुलाई को एक पारिवारिक बैठक के दौरान किया गया।
संजय कपूर का निधन 12 जून को ब्रिटेन के विंडसर में पोलो खेलते समय हो गया था। याचिका में कहा गया है कि करिश्मा कपूर के बच्चों का अपने पिता से घनिष्ठ संबंध था और वे अक्सर छुट्टियों में उनसे मिलने जाते थे। संजय कपूर उन्हें बेहतर भविष्य और आर्थिक सुरक्षा का आश्वासन देते थे।
याचिका में मांग की गई है कि करिश्मा कपूर के बच्चों को संजय कपूर का प्रथम श्रेणी उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और संपत्ति में पांचवां हिस्सा दिया जाए। साथ ही अंतरिम राहत के रूप में कहा गया है कि मामले के निपटारे तक संजय कपूर की व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज रखा जाए।



.jpg)






