चित्तौड़गढ़, 1 मई।
चित्तौड़गढ़ जिले में हाइवे किनारे स्थित ढाबों की आड़ में चल रहे अवैध पेट्रोलियम कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला विशेष टीम की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने ओछड़ी से रिठोला मार्ग स्थित कोटा-उदयपुर सिक्सलेन पर दो स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है।
पहली कार्रवाई में एक बाड़े पर दबिश दी गई, जहां बड़ी संख्या में ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ मिला। कुल 98 ड्रम पाए गए, जिनमें से अधिकांश ड्रमों में बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था, जिससे कुल मात्रा लगभग सोलह हजार किलोग्राम से अधिक निकली। पूरी सामग्री को ट्रक में भरकर सदर थाना पहुंचाया गया।
इस मामले में एक व्यक्ति को नामजद किया गया है और बताया गया कि बाड़े को किराए पर लेकर अवैध रूप से भंडारण और बिक्री का कार्य किया जा रहा था। मौके पर पुलिस और अन्य अधिकारियों की टीम मौजूद रही तथा नमूने लेकर आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं।
दूसरी कार्रवाई पहले स्थान से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रिठोला क्षेत्र में स्थित एक ढाबे के पास की गई। यहां खड़ा एक टैंकर मिला, साथ ही एक पिकअप वाहन में भी ड्रम और केन में डीजल तथा अन्य पेट्रोलियम पदार्थ पाए गए।
जांच के दौरान टैंकर चालक ने बताया कि वह ईंधन टैंक से डीजल निकलवाने आया था। इस मामले में ढाबा संचालक को नामजद कर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध पेट्रोलियम कारोबार चल रहा था और जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वहां पहले भी इसी तरह का भंडारण पकड़ा जा चुका है। आरोपियों के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस नहीं पाया गया है।
पुलिस ने पूरे मामले में मानव जीवन को खतरे में डालने और बिना अनुमति भंडारण के आरोप में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










