मीरजापुर, 01 मई।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो गो तस्कर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से छह गोवंश, एक पिकअप वाहन और अवैध हथियार भी बरामद किए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गोवंश को बिहार तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने हाजीपुर नहर पुलिया के पास पिकअप वाहन को रुकवाने का प्रयास किया। जब तस्करों ने पुलिस पर गोली चलाई, तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोला हरिजन, निवासी विसौरा खुर्द (अदलहाट), और बाबू उर्फ रामजन्म सोनकर, निवासी रामपुर ढबही (अहरौरा) के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से दो तमंचे (315 बोर), चार जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने घायल आरोपितों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पिकअप वाहन को सीज कर दिया है।











