प्रतापगढ़, 01 मई 2025
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने गुरुवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। लीलापुर थाना क्षेत्र के औरी का पुरवा, सगरासुन्दरपुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई हुई।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि लीलापुर थाना पुलिस बल क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंडित का पुरवा की ओर से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों तेज रफ्तार से भागने लगे।
संदेह होने पर पुलिस दल ने तत्काल उनका पीछा किया और गंगा पुत्री पुल के समीप बीहड़ क्षेत्र के ग्राम सकुहाबाद में घेराबंदी कर ली। जब अभियुक्तों ने खुद को घिरा हुआ पाया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वे घायल हो गए। घायल अवस्था में ही दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ भेजा गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपनी पहचान सराय मकाई लीलापुर निवासी अफजल उर्फ जानी और मिश्रपुर निवासी अमन शेख उर्फ अरमान के रूप में बताई। दोनों के विरुद्ध पहले से ही अनेक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इलाज के पश्चात दोनों को जेल भेजा जा रहा है।












