मीरजापुर, 01 मई
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बारात के दौरान हुए विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार की रात बारात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर कुछ उपद्रवी युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर फरार हो गए थे।
इस मामले में गुरुवार को प्रबंधक की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी। शुक्रवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के समीप से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपित की तलाशी लेने पर उसके पास से लूटी गई पिस्टल, पांच कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस के पहुंचते ही उसके दो साथी रोहित और अमित मौके से भागने में सफल रहे। फरार साथियों की तलाश में पुलिस अभियान जारी है।









