नई दिल्ली, 01 मई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हाल ही में शिमला में भारतीय सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के जवानों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण की गुणवत्ता और इसके महत्व के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रपति के साथ आर्मी ट्रेनिंग कमांड के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा भी मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें भारतीय सेना के लिए की जा रही नई पहलों के बारे में बताया।
लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने ड्रोन ट्रेनिंग, नई तकनीकों को अपनाने, और ‘रेड टीमिंग’ जैसी नई पहल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यह भी बताया कि सेना में डिजिटलाइजेशन और ऑटोमेशन को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए गए हैं। राष्ट्रपति ने इन पहलों की सराहना करते हुए इसे भारतीय सेना के संसाधन विकास और मित्र देशों के साथ सहयोग के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रपति ने भारतीय सेना के सैन्य गौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में इस ट्रेनिंग कमांड के योगदान की भी प्रशंसा की। शिमला में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभी सैनिकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।










