नई दिल्ली, 01 मई।
घरेलू सर्राफा बाजार में आज चांदी के हाजिर भाव में कमजोरी देखने को मिली। राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह धातु 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी कीमतों में नरमी का असर दिखाई दिया।
मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,49,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती रही। इसी तरह जयपुर, सूरत और पुणे में इसका भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बना रहा। विभिन्न शहरों में मामूली अंतर के साथ कीमतों में समान रुझान देखा गया।
दक्षिण और पूर्वी भारत के बाजारों में भी चांदी की कीमतों में उतार दिखाई दिया। बेंगलुरु में यह 2,50,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रही, जबकि पटना और भुवनेश्वर में चांदी 2,49,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती रही। वहीं हैदराबाद में कीमत में 8,600 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद भाव 2,69,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।
देश में सबसे अधिक कीमत चेन्नई में बनी हुई है, जहां चांदी 8,900 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,70,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। कीमतों में गिरावट के बावजूद यह शहर अन्य बाजारों की तुलना में अभी भी शीर्ष पर बना हुआ है।
बाजार जानकारों का मानना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण चांदी की औद्योगिक मांग में कमी आई है। इसके चलते कीमतों में फिलहाल सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। जब तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की दिशा को लेकर स्पष्ट संकेत मिलना कठिन रहेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे ही पश्चिम एशिया में हालात सुधरेंगे और औद्योगिक गतिविधियां गति पकड़ेंगी, चांदी की मांग में भी इजाफा हो सकता है। ऐसी स्थिति में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में तेजी लौटने की संभावना बनेगी, जिसका असर घरेलू बाजारों पर भी पड़ना तय है। फिलहाल कीमतों की चाल क्षेत्रीय हालात पर निर्भर बनी हुई है।











