वाशिंगटन, 01 मई
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से परमाणु हथियार न रखने की गारंटी की मांग की है। ट्रंप का कहना है कि अगर ईरान शांति चाहता है, तो उसे यह गारंटी देनी होगी कि वह कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका आज ईरान छोड़ दे, तो उसे फिर से खड़ा होने में 20 साल लग जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ पहले ही युद्ध जीत चुका है, हालांकि यह जीत छोटी थी और अमेरिका अब बड़ी जीत चाहता है।
ट्रंप ने यह भी बताया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, “हमने सब कुछ नष्ट कर दिया है। अगर हम अभी वहां से हट जाएं, तो उन्हें फिर से 20 साल लग सकते हैं।” इसके अलावा, उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान को संवर्धित यूरेनियम का भंडार खत्म करने के लिए भी कदम उठाने होंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ईरान जल्द ही समझौते के लिए तैयार होगा, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि परमाणु संवर्धन के मुद्दे को दरकिनार किए जाने से वह खुश नहीं हैं। साथ ही, अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने यह बताया कि ईरान की करेंसी अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
वहीं, ईरान ने हाल ही में अमेरिका से एक शांति प्रस्ताव पेश किया था जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और परमाणु वार्ता को फिलहाल टालने का उल्लेख था। अमेरिका ने इस प्रस्ताव पर संदेह जताया है। इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शांति दूत के रूप में नजर आ रहे हैं।
भारत के लिए राहत की बात यह है कि ईरान ने भारतीय जहाजों के वहां से गुजरने पर रोक नहीं लगाने का आश्वासन दिया है।










.jpg)