नई दिल्ली, 01 मई।
देश की सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर के दामों में बड़ी वृद्धि की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर पर लागू की गई है, जबकि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। शुक्रवार सुबह से लागू नई दरों के तहत कमर्शियल सिलेंडर करीब एक हजार रुपये महंगा हो गया है।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम का सिलेंडर 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गया है। कोलकाता में यह 2,208 रुपये से बढ़कर 3,202 रुपये पहुंच गया है। मुंबई में अब इसकी कीमत 2,031 रुपये से बढ़कर 3,024 रुपये हो गई है, वहीं चेन्नई में 2,246.50 रुपये से बढ़कर 3,237 रुपये तय की गई है। अलग-अलग शहरों में बढ़ोतरी का अंतर मामूली है, लेकिन कुल प्रभाव काफी बड़ा है।
व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले इन सिलेंडरों के दाम पिछले पांच महीनों में छठी बार बढ़े हैं। इससे पहले एक अप्रैल को 218 रुपये की वृद्धि हुई थी। मार्च में भी दो बार दाम बढ़ाए गए थे—एक मार्च को 28 रुपये और सात मार्च को 114.5 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई थी। फरवरी में 49 रुपये और जनवरी में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि दिसंबर 2025 में कीमतों में कमी देखने को मिली थी।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत यह है कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। सात मार्च 2026 को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। वर्तमान में बिना सब्सिडी वाला 14.2 किलोग्राम सिलेंडर दिल्ली में 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये में उपलब्ध है।
इसके साथ ही घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए डिलीवरी प्रक्रिया को और सख्त किया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी को दिखाना अनिवार्य होगा। बिना ओटीपी सत्यापन के डिलीवरी नहीं दी जाएगी। यदि किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो वह डिलीवरी ऐप के माध्यम से तुरंत अपना नंबर दर्ज करा सकता है।











.jpg)