नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के वित्तीय परिणाम जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,994 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 2,475 करोड़ रुपये था।
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चौथी तिमाही में उत्पाद बिक्री से प्राप्त राजस्व 8.13 प्रतिशत बढ़कर 16,172 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि में कुल व्यय 7.2 प्रतिशत बढ़कर 16,615 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं अन्य आय सहित कुल आय 5.01 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16,580 करोड़ रुपये रही, जो पिछले 12 तिमाहियों में सबसे तेज वृद्धि मानी जा रही है।
वित्त वर्ष 2025-26 के पूरे वर्ष में एचयूएल का शुद्ध लाभ 15,059 करोड़ रुपये रहा, जिसमें न्यूट्रिशनलैब के विनिवेश से भी योगदान मिला। इस अवधि में कंपनी की कुल आय 4.6 प्रतिशत बढ़कर 65,219 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने कहा कि इस वित्त वर्ष में अनुकूल व्यापक आर्थिक परिस्थितियों के चलते मांग में सुधार देखने को मिला। उन्होंने बताया कि कंपनी ने वृद्धि को गति देने के लिए श्रेणी को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने, मांग सृजन क्षमताओं को सुदृढ़ करने और संगठनात्मक ढांचे को सरल बनाने जैसे कदम उठाए हैं।
नायर ने यह भी कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों के कारण जिंसों और मुद्रा में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, लेकिन कंपनी अनुशासित लागत बचत, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और संतुलित मूल्य निर्धारण के माध्यम से इन चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत ब्रांड स्थिति, वित्तीय आधार और परिचालन दक्षता कंपनी को अस्थिर माहौल में आगे बढ़ने में मदद करेगी।
उल्लेखनीय है कि हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी है, जो 90 वर्षों से अधिक समय से भारतीय उपभोक्ताओं की सेवा कर रही है और अपने कम से कम एक या अधिक ब्रांड के माध्यम से देश के 10 में से 9 घरों तक पहुंच रखती है।



.jpg)


.jpg)





