नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद वायदा बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 120 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 107 डॉलर के ऊपर चला गया। इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज में ब्रेंट क्रूड का जून अनुबंध 1.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 119.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा, वहीं निमेक्स पर डब्ल्यूटीआई क्रूड का जून अनुबंध 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 107.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
हाजिर बाजार में भी कच्चे तेल की कीमतों में कोई राहत नहीं दिखी। बुधवार को ब्रेंट क्रूड 115.61 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बाद 110.44 डॉलर पर बंद हुआ था। आज इसने 110.43 डॉलर से कारोबार शुरू किया और कुछ ही समय में 114.47 डॉलर तक पहुंच गया, हालांकि बाद में इसमें उतार-चढ़ाव देखा गया और दोपहर तक यह 112.06 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड ने भी बुधवार को 107.12 डॉलर तक छलांग लगाने के बाद 106.88 डॉलर पर बंद किया था। आज इसकी शुरुआत 106.95 डॉलर से हुई और यह बढ़कर 110.93 डॉलर तक पहुंच गया, जबकि दोपहर तक यह 108.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।










