नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के जल्द समाप्त होने की संभावना कम नजर आने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण वैश्विक बाजारों में कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में लगातार दबाव में रहे और डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज गिरावट के साथ कारोबार करता दिख रहा है। यूरोप के बाजारों में भी पिछला सत्र बिकवाली के दबाव में समाप्त हुआ, वहीं एशियाई बाजारों में आज उतार-चढ़ाव के बीच मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है।
पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर बढ़ी अनिश्चितता के चलते अमेरिकी बाजारों में पिछले सत्र के दौरान निवेशकों में चिंता का माहौल बना रहा। इस कारण वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स 280 अंक नीचे बंद हुआ। एसएंडपी 500 सूचकांक में 0.04 प्रतिशत की हल्की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर नैस्डेक 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,673.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 243.70 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 48,618.11 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी दबाव बना रहा। एफटीएसई सूचकांक 119.68 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 10,213.11 अंक पर बंद हुआ। सीएसी सूचकांक 0.40 प्रतिशत कमजोर होकर 8,072.13 अंक पर बंद हुआ। डीएएक्स सूचकांक भी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,954.56 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मिश्रित स्थिति बनी हुई है। प्रमुख नौ बाजारों में से छह सूचकांक गिरावट में हैं, जबकि तीन में तेजी देखी जा रही है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,893.97 अंक पर कारोबार कर रहा है। ताइवान वेटेड इंडेक्स 195.68 अंक यानी 0.50 प्रतिशत चढ़कर 39,499.18 अंक पर पहुंच गया है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,111.02 अंक पर बना हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 316 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,940 अंक पर कारोबार कर रहा है। निक्केई इंडेक्स 747.46 अंक यानी 1.25 प्रतिशत फिसलकर 59,170 अंक पर आ गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में 158.10 अंक यानी 2.23 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 6,943.13 अंक पर है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 347.84 अंक यानी 1.33 प्रतिशत गिरकर 25,764 अंक पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.53 प्रतिशत कमजोर होकर 1,483.78 अंक पर और कोस्पी इंडेक्स 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,658.29 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।






.jpg)





